धार , फरवरी 11 -- मध्यप्रदेश में धार स्थित प्रधान डाकघर में शासकीय योजनाओं की राशि के दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितताओं के मामले में फरार चल रहे निलंबित डिप्टी पोस्ट मास्टर निर्मलसिंह पंवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी गुजरात भागने की फिराक में है। घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
थाना स्तर की कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस को तीन दिन का रिमांड मिला है। निर्मलसिंह पंवार धार में डिप्टी पोस्ट मास्टर के पद पर पदस्थ था। अनियमितताएं सामने आने के बाद विभाग ने उसे दो माह पूर्व निलंबित कर दिया था।
डाक विभाग के इंदौर नगरेतर संभाग के अधीक्षक द्वारा की गई विभागीय जांच में फिनेकल सॉफ्टवेयर के दुरुपयोग का मामला सामने आया। आरोप है कि शासकीय योजनाओं, विशेषकर वर्ष 2019 में लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत किए जा चुके भुगतानों को सॉफ्टवेयर में पुनः सक्रिय दर्शाकर धार प्रधान डाकघर से दोबारा नगद भुगतान कर लिया गया।
जांच के आधार पर नौगांव थाना पुलिस ने निलंबित डिप्टी पोस्ट मास्टर निर्मलसिंह पंवार, निलंबित पोस्ट मास्टर कुणाल मकवाना और निलंबित डाक सहायक नेपालसिंह गुडिया के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। जांच रिपोर्ट के अनुसार 1 मार्च से दिसंबर 2025 के बीच विभिन्न तिथियों पर एनएससी प्रमाणपत्रों का सत्यापन कर उन्हें अनफ्रीज कर नगद भुगतान प्राप्त किया गया। ये प्रमाणपत्र लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत जारी किए गए थे।
जांच में यह भी सामने आया कि निसरपुर उपडाकघर से वर्ष 2013 में जारी प्रमाणपत्र, जो डिस्चार्ज के बाद प्रधान डाकघर धार में सुरक्षित रखे गए थे, उन्हें अनाधिकृत रूप से ट्रांसफर कर पुनः भुगतान कराया गया। करीब 3 लाख 57 हजार 21 रुपये की शासकीय राशि का दुरुपयोग किया गया।
इसके अतिरिक्त नॉन-पीओएसबी चेक से जमा राशि, जो फिनेकल के 0382 ऑफिस अकाउंट में जमा होती थी, उसका समुचित समायोजन नहीं किया गया। एसबीआई धार में 8 लाख, यूको बैंक में 5 लाख और राज्य सहकारी बैंक इंदौर में 10 लाख रुपये सहित कुल 23 लाख रुपये का अन्य खातों में अनाधिकृत समायोजन कर गबन किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कुल 35 लाख 68 हजार रुपये का गबन किया है। इस मामले में 6 जनवरी को प्रकरण दर्ज किया गया था। मुख्य पोस्ट मास्टर कुणाल मकवाना को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। नौगांव थाना प्रभारी हिरुसिंह रावत ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित