देहरादून , अप्रैल 14 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मंगलवार को अपने 28 वें दौरे पर उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साढे चार साल के कार्यकाल में यह उनका 18वां दौरा है।
प्रधानमंत्री इस दौरान दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे के साथ ही, टिहरी में 1 हजार मेगावाट क्षमता वाले देश के पहले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र का भी लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के आगमन को लेकर उत्तराखंड वासियों में भारी उत्साह है। प्रदेश सरकार लोकार्पण समारोह को यादगार बनाने की तैयारी की गई है। उनकी सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पहली बार सुरक्षा घेरे में राज्य की महिला पुलिस पर भरोसा किया गया है। जिसके लिए डीजीपी दीपम सेठ के नेतृत्व में प्रधानमंत्री की सुरक्षा टीम से समन्वय रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से कांस्टेबल स्तर तक लगभग 550 महिला अधिकारी तथा कर्मियों की रणनीतिक तैनाती की गई है। यह तैनाती वीवीआईपी रूट, कार्यक्रम स्थल, कंट्रोल रूम तथा अन्य सभी महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील प्वाइंट्स पर सुव्यवस्थित एवं बहुस्तरीय सुरक्षा ग्रिड के अंतर्गत सुनिश्चित की गई है।
प्रधानमंत्री के शेड्यूल के अनुसार, प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह 10:50 बजे देहरादून एयरपोर्ट से गणेशपुर (उत्तर प्रदेश)में बनाए गए हेलीपेड पर उतरेगा। इसके बाद 11:10 एलिवेटेड रोड का व्यू प्वाइंट देखेंगे। यहां पर उनका स्वागत फूल बरसाकर किया जाएगा। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। इसके बाद 11:35 बजे कार में सवार होकर मां डाट काली मंदिर पहुंचेंगे। वहां पर पूजन के बाद देहरादून के लिए रवाना हो जाएंगे। जहां जसवंत सिंह आर्मी ग्राउंड गढ़ी कैंट में आयोजित जनसभा स्थल तक वह रोड शो करेंगे। इस बीच अनेक स्थानों पर उनका पुष्प वर्षा कर अभिनन्दन किया जाएगा। जनसभा को संबोधित करते हुए लोकार्पण का लाइव गणेशपुर में भी दिखाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित