कानपुर , मार्च 12 -- प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर रूफटॉप संयंत्रों की स्थापना के प्रभावी क्रियान्वयन के चलते फरवरी माह की रैंकिंग में कानपुर नगर ने उत्तर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में शुरू हुई इस योजना के अंतर्गत जनपद में अब तक कुल 25,335 सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं, जिनसे लगभग 76 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन की क्षमता विकसित हो चुकी है।
आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में 3,859, वर्ष 2025 में 16,113 तथा वर्ष 2026 में 11 मार्च तक 5,363 सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाए जा चुके हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जिले में योजना के तहत लगभग 250 वेण्डर कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से करीब 1,500 लोगों को रोजगार मिला है। सोलर रूफटॉप संयंत्रों की स्थापना से लगभग 380 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है, जबकि लाभार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 230 करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान वितरित किया जा चुका है।
योजना के प्रभावी संचालन के लिए मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन नियमित समीक्षा कर रही हैं। कानपुर विद्युत आपूर्ति कंपनी लिमिटेड, दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, बैंकर्स और वेण्डर्स के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों को गति दी जा रही है।
सीडीओ ने सोलर रूफटॉप वेण्डर्स को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में किया जाए। साथ ही वर्तमान स्थापना की औसत गति को तीन गुना तक बढ़ाकर अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को योजना से लाभान्वित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना आम उपभोक्ताओं को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है और जनपद में अधिकाधिक घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित