तेल अवीव/ नयी दिल्ली , फरवरी 22 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 फरवरी को इज़रायल के महत्वपूर्ण दौरे पर जाएंगे। इस दौरान श्री मोदी इज़रायली संसद 'नेसेट' को संबोधित करने के साथ ही दोनों देशों के बीच राजनीतिक, आर्थिक तथा सुरक्षा सहयोग को और मजबूत बनाने पर चर्चा करेंगे।

इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को कैबिनेट बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा से दोनों देशों के रिश्ते और गहरे होंगे। उन्होंने कहा कि भारत-इज़रायल संबंध 'ऐतिहासिक' हैं और पिछले वर्षों में दोनों नेताओं के बीच लगातार संवाद और आपसी यात्राओं से संबंध काफी मजबूत हुए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी इजरायल यात्रा के दौरान यरुशलम में आयोजित एक इनोवेशन कार्यक्रम में भाग लेंगे और होलोकॉस्ट स्मारक 'याद वाशेम' का भी दौरा करेंगे। श्री मोदी बुधवार शाम शाम नेसेट को संबोधित करेंगे।

श्री नेतन्याहू के अनुसार इस यात्रा में हाई-टेक (उच्च तकनीक) क्षेत्रों में सहयोग पर विशेष जोर रहेगा। दोनों देश कृत्रिम बौद्धिकता (एआई) और क्वांटम टेक्नोलॉजी जैसे आधुनिक क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में सहयोग समय की जरूरत है और इज़रायल दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल होना चाहता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित