देहरादून , अप्रैल 10 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून भ्रमण एवं दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
जिलाधिकारी (डीएम) सविन बंसल नियमित रूप से इस वीवीआइपी भ्रमण कार्यक्रम की विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर तैनात सभी जोनल, सेक्टर एवं नोडल अधिकारियों की बैठक लेते हुए समयबद्व सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने के निर्देश दे रहे हैं। प्रधानमंत्री एक्सप्रेस वे के उद्घाटन के बाद देहरादून के गढ़ी कैंट क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगे। यह तक पहुंचने के लिए वह सड़क मार्ग का प्रयोग करेंगे। इसलिए कुल 13 जोनों में पूरे मार्ग को बांटा गया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर श्री बंसल प्रधानमंत्री के सम्मान में पूरे भ्रमण मार्ग पर आमजन से सहयोग प्रदान करने एवं सम्मान कार्यक्रम में स्वैच्छिक प्रतिभाग की सुगमता, समन्वय एवं शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दे रहे है। श्री मोदी के सम्मान में हजारों की संख्या में आमजन के सम्मलित होने की संभावना है।
डीएम ने चिन्हित स्थलों पर पेयजल, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, लॉ एंड ऑडर व्यवस्था, बैरिकेडिंग, स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए पूरे मार्ग पर चाक-चौबंद सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिये है।वहीं गढ़ी कैंट स्थित महेन्द्र ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पंडाल में आमजन के बैठने की व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, पेयजल, सूक्ष्म जलपान एवं मोबाइल शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जा रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित