हमीरपुर , मई 11 -- हमीरपुर-महोबा संसदीय क्षेत्र के समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित रूप से अमर्यादित टिप्पणी किए जाने के मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसकी निंदा की है। भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र अध्यक्ष प्रकाश पाल ने सोमवार को कहा कि समाजवादी पार्टी का चरित्र लगातार संवैधानिक संस्थाओं और संवैधानिक पदों का अपमान करने वाला रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो में जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग किया गया है, वैसी भाषा केवल समाजवादी पार्टी के नेता ही बोल सकते हैं।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अशोभनीय और अभद्र टिप्पणी करना समाजवादी पार्टी की हताशा और मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है। जनता लगातार समाजवादी पार्टी को नकार रही है, जिसके कारण उसके नेताओं की भाषा और व्यवहार असंतुलित होते जा रहे हैं।
प्रकाश पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व स्तर पर भारत का सम्मान बढ़ाने के साथ देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी के नेताओं को यह जनसमर्थन और विकास रास नहीं आ रहा। इसी कारण वे व्यक्तिगत टिप्पणियों और अभद्र भाषा का सहारा ले रहे हैं।
भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी नेताओं को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है, जिसके चलते वे इस प्रकार की बयानबाजी कर रहे हैं। वहीं हमीरपुर सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति ने भी सांसद की टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसी दल विशेष के नहीं बल्कि पूरे देश के प्रधानमंत्री होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करना देश का अपमान करने जैसा है।
सदर विधायक ने प्रशासन से मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
नगर पंचायत कुरारा की भाजपा चेयरमैन आशारानी कबीर ने भी बयान की निंदा करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी सांसद ने प्रधानमंत्री पर टिप्पणी कर गंभीर गलती की है और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई होनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित