जयपुर , फरवरी 18 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 28 फरवरी को प्रस्तावित अजमेर आमसभा कार्यक्रम की तैयारियों की बुधवार को प्रदेश के मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास एवं पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
श्री मोदी की 28 फरवरी को अजमेर जिले की कायड़ विश्राम स्थली में आमसभा कार्यक्रम प्रस्तावित हैं और श्री श्रीनिवास और श्री कुमार ने अजमेर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कायड़ विश्राम स्थली, प्रस्तावित हेलिपैड, मुख्य सभा स्थल, पार्किंग क्षेत्र एवं संपर्क मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, जनसुविधा, भीड़ नियंत्रण एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं की वस्तुस्थिति का अवलोकन किया तथा मौके पर अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए प्रवेश एवं निकास के पृथक मार्ग, प्रभावी ट्रैफिक प्लान, सुगम पार्किंग व्यवस्था तथा सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर बैठक व्यवस्था, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन, स्वच्छता एवं विद्युत आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्व समयबद्ध रूप से करने को निर्देशित किया। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, आपात सेवाओं की तत्परता तथा कार्यक्रम स्थल पर सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया।
श्री श्रीनिवास ने निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और प्रत्येक स्तर पर तैयारियों की सतत समीक्षा की जाए वहीं श्री कुमार ने वीआईपी मूवमेंट रूट, बैरिकेडिंग, निगरानी व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान आवागमन सुचारू बना रहे और किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न नहीं हो।
श्री श्रीनिवास के द्वारा अजमेर सर्किट हाउस में अधिकारियों की बैठक लेकर भी श्री मोदी की प्रस्तावित यात्रा के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा कर आवश्यक निर्देश प्रदान किए। लाभार्थियों के बैठने के लिए पर्याप्त स्थान होना चाहिए। सम्पूर्ण क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जाप्ता तैनात रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित