पटना , मार्च 11 -- बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 मार्च 2026 को असम के गुवाहाटी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम‑किसान) योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे।

श्री यादव ने आज बताया कि इस अवसर पर बिहार के 73.34 लाख से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में लगभग 1467 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी, जिससे राज्य के किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा तथा कृषि कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

कृषि मंत्री श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को सशक्त बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होने कहा कि इस योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराई जाती है।

श्री यादव ने कहा कि बिहार सरकार भी किसानों को इस योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है। बिहार सरकार राज्य के किसानों का व्यापक स्तर पर पंजीकरण, आधार सत्यापन तथा बैंक खातों की एनपीसीआई से लिंकिंग सुनिश्चित कराई जा रही है ताकि किसानों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।

श्री यादव ने राज्य के सभी किसानों से अपील की कि जो किसान अभी तक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से नहीं जुड़े हैं, वे शीघ्र अपना पंजीकरण कराएं और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करें, ताकि उन्हें भी इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ प्राप्त हो सके।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर निरंतर कार्य कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित