बेमेतरा , मई 02 -- छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के दाढ़ी तहसील अंतर्गत ग्राम हेमाबंद में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हो रहे निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि योजना के तहत बन रहा मकान शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर बनाया जा रहा था, जिस पर प्रशासन ने जांच के बाद निर्माण कार्य पर रोक लगा दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक हितग्राही द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मकान निर्माण किया जा रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि करीब 660 वर्गफीट शासकीय भूमि पर कब्जा कर निर्माण कार्य किया गया और यह निर्माण छत स्तर तक पहुंच गया।

ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में कई बार स्थानीय अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों से शिकायत की, लेकिन लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे निर्माण कार्य लगातार जारी रहा।

आरोप यह भी है कि योजना के तहत निर्माण से पूर्व अनिवार्य जियो-टैगिंग प्रक्रिया में भी लापरवाही बरती गई। यदि समय रहते निगरानी होती, तो अतिक्रमण की स्थिति उत्पन्न नहीं होती।

मामला उजागर होने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और तहसीलदार दाढ़ी ने निर्माण कार्य पर तत्काल प्रभाव से रोक (स्टे) लगा दी है। साथ ही संबंधित हितग्राही धनमत बाई को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित