भोपाल, 14 नवंबर 2025 (वार्ता) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को नवनियुक्त पार्टी पदाधिकारियों एवं विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की महत्वपूर्ण कार्यशाला सम्पन्न हुई। इसमें राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल तथा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद की उपस्थिति रही। कार्यशाला में संगठन की वर्तमान स्थिति, आगामी कार्यक्रमों और विस्तार योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने नए पदाधिकारियों को संगठन की प्राथमिकताओं, लक्ष्यों और आगामी कार्ययोजना से अवगत कराते हुए कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा का आधारभूत ढांचा बूथ स्तर पर खड़ा है और प्रत्येक पदाधिकारी का दायित्व है कि संगठन की योजनाएं, कार्यक्रम और नीतियां प्रभावी रूप से हर कार्यकर्ता और आमजन तक पहुंचें।
उन्होंने जनसंपर्क अभियानों को तेज करने, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराने तथा सभी मोर्चों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा दिया गया दायित्व केवल पद नहीं बल्कि एक जिम्मेदारी है, जिसे सक्रियता, समर्पण और समन्वय के साथ निभाना होगा। प्रदेश नेतृत्व ने विश्वास व्यक्त किया कि नए पदाधिकारियों और मोर्चा अध्यक्षों के समन्वित प्रयास से संगठन आने वाले महीनों में और अधिक प्रभावी तथा जनसमर्थन प्राप्त करने में सफल होगा।
कार्यशाला को प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने भी संबोधित किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यशाला का संचालन प्रदेश महामंत्री एवं सांसद लता वानखेडे ने किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित