जगदलपुर , अप्रैल 10 -- छत्तीसगढ़ में बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से 870 नग अल्प्राजोलम टेबलेट और एक मोटरसाइकिल जब्त की गयी है। जब्त दवाओंकी अनुमानित कीमत 4.35 लाख रुपये बतायी गयी है। दोनों आरोपी जगदलपुर के कुम्हारपारा क्षेत्र के निवासी हैं और न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे गये हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली को सूचना मिली थी कि सन सिटी अटल आवास जाने वाले रोड किनारे दो युवक मोटरसाइकिल में नशीली टेबलेट लेकर बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार डी धोत्रे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने बताये गये स्थान पर घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम आशीष जॉर्ज और डीगेश्वर देवदास उर्फ शूटर बताया। तलाशी के दौरान उनके पास से 870 नग प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टेबलेट बरामद हुई, जिसे वे अवैध रूप से बेचने के लिए रखे हुए थे। आरोपियों से जब दवाओं के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गये तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत मामला दर्ज कर 10 अप्रैल को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उपनिरीक्षक अरुण मरकाम, सहायक उपनिरीक्षक परिमल दास सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित