प्रतापगढ़ , अप्रैल 22 -- उत्तर प्रदेश मे आंवला उत्पादन के लिये देश मे प्रसिद्ध प्रतापगढ़ जिले मे आंवला आधारित उद्योगो को बढावा देने के लिये 20 लाख रुपये तक की सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया है।

उप आयुक्त उद्योग एस0एस0 रावत ने बुधवार को बताया है कि उत्तर प्रदेश शासन के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए "एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) वित्त पोषण सहायता योजना" को पुनः संचालित करने की अनुमति प्रदान कर दी गई है। इस योजना के तहत उद्योग, सेवा एवं व्यवसाय क्षेत्र में रूपये 150 लाख से अधिक लागत की परियोजनाओं को भी स्वीकृति दी जा सकेगी। योजना के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों की परियोजनाओं के लिए आकर्षक मार्जिन मनी (सब्सिडी) का प्रावधान किया गया है।

उन्होने बताया है कि इस योजना का लाभ जनपद में चिन्हित आंवला एवं खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को ही दिया जाएगा। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की आयु न्यूनतम 18 वर्ष होनी चाहिए तथा वह किसी बैंक या वित्तीय संस्था का डिफॉल्टर नहीं होना चाहिए। साथ ही पूर्व में किसी अन्य स्वरोजगार योजना का लाभ प्राप्त न किया हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित