प्रतापगढ़ , मार्च 14 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री एवं प्रसार पर रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान "ऑपरेशन प्रहार" के तहत थाना कोतवाली नगर पुलिस ने एक अभियुक्त को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मुखबिर की सूचना पर शनिवार को रूपापुर पावर हाउस के पास से राम मनोहर निवासी देवकली थाना कोतवाली नगर, जनपद प्रतापगढ़ को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 82 ग्राम नशीला पदार्थ स्मैक तथा बिक्री से प्राप्त 1,340 रुपये नगद बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक अभियुक्त स्मैक को छोटी-छोटी पुड़ियों में बांधकर बेचने के लिए खड़ा था, तभी पुलिस ने उसे धर दबोचा। इस संबंध में थाना कोतवाली नगर में एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 8/21 में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित