प्रतापगढ़ , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में एसटीएफ और थाना रानीगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने "दुकान पर जबरन निर्माण एवं मारपीट" मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त तबरेज़ उर्फ तब्बू उर्फ अतीक खान को गिरफ्तार कर लिया। उसे सुल्तानपुर जिले के पयागीपुर चौराहे के पास से बुधवार को दबोचा गया।

पुलिस के अनुसार, जैरामपुर (थाना रानीगंज) निवासी वादी ने 19 नवंबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपनी दुकान पर बैठा था, तभी राजेन्द्र प्रसाद पटेल, असफाक अहमद, तब्बू उर्फ तबरेज़, संतोष दूबे व अन्य अज्ञात लोग कई वाहनों से पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने दुकान का शटर तोड़ने और भूमि पर जबरन निर्माण का प्रयास किया। विरोध करने पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई। इस संबंध में थाना रानीगंज में चार नामजद और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

फरार चल रहे तबरेज़ पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उसके विरुद्ध प्रतापगढ़ जिले के विभिन्न थानों में करीब 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित