प्रतापगढ़ , अप्रैल 25 -- उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में विश्वकर्मा समाज की एक युवती की हत्या तथा पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा पर हुए हमले के विरोध में आक्रोशित विश्वकर्मा समाज और समाजवादी पार्टी नेताओं ने शनिवार को जिला अधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर घटना की सीबीआई जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। विश्वकर्मा समाज और स्थानीय सपा नेताओं एवं पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से जिलाधिकारी प्रतापगढ़ को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में विश्वकर्मा समाज पर लगातार हमले, उत्पीड़न और दुराचार की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे समाज में आक्रोश व्याप्त है।
ज्ञापन में कहा गया कि गत दिनों जनपद गाजीपुर में विश्वकर्मा समाज की एक युवती की जघन्य हत्या कर शव गंगा नदी में फेंक दिया गया था। मृतका को न्याय दिलाने और उसके परिजनों से मिलने जा रहे विश्वकर्मा समाज के नेता एवं पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा तथा उनके सहयोगियों पर अराजक तत्वों द्वारा पथराव किया गया, जिसमें पूर्व मंत्री सहित कई लोग घायल हो गए।
प्रदर्शनकारियों ने उपद्रवियों की शीघ्र गिरफ्तारी, मृतका के परिजनों को 50 लाख रुपये आर्थिक सहायता, घटना की सीबीआई जांच तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन अंबेडकर चौराहे पर जिलाधिकारी के प्रतिनिधि उपजिलाधिकारी सदर ने स्वयं पहुंचकर प्राप्त किया।
इस अवसर पर विश्वकर्मा समाज के सैकड़ों नेता, समाजसेवी, पत्रकार, अधिवक्ता तथा समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रमुख नेताओं में जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी, पूर्व विधायक नागेंद्र सिंह यादव 'मुन्ना', वरिष्ठ सपा नेता आशुतोष पांडेय, राजकुमार यादव तथा महिला सभा की जिलाध्यक्ष शांति सिंह शामिल रहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित