प्रतापगढ़ , फरवरी 14 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में थाना मान्धाता पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरजनपदीय अवैध असलहा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से छह नाजायज असलहे, दो मैगजीन, आठ जिंदा कारतूस तथा एक ब्रेजा कार बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शुक्रवार रात की गई कार्रवाई में एक अंतरजनपदीय और एक स्थानीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद शाहबाज तथा अनिल मिश्रा के रूप में हुई है।

एसपी ने बताया कि दोनों आरोपी ब्रेजा कार में अवैध असलहे लेकर उनकी तस्करी व बिक्री के लिए जा रहे थे। पूछताछ में सामने आया है कि प्रत्येक असलहा आठ से दस हजार रुपये में बेचा जाता था। दोनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी है। मोहम्मद शाहबाज के खिलाफ प्रतापगढ़ और प्रयागराज जनपद के विभिन्न थानों में कुल आठ मुकदमे, जबकि अनिल मिश्रा के खिलाफ प्रतापगढ़ में दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम को प्रोत्साहन स्वरूप पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार घोषित किया गया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्तों के विरुद्ध थाना मान्धाता में धारा 3/5/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित