प्रताप गढ़ , मार्च 09 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में जिला सेवायोजन कार्यालय द्वारा राजकीय आईटीआई परिसर में आयोजित दो दिवसीय वृहद रोजगार मेले के प्रथम दिवस पर युवाओं की भारी भीड़ देखने को मिली। दिनभर चली साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के बाद कुल 780 अभ्यर्थियों का विभिन्न निजी कंपनियों में चयन किया गया।

इससे जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर मिला। रोजगार मेले में 36 प्रतिष्ठित कंपनियों एवं नियोजकों ने प्रतिभाग कर युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्रदान किए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेले के लिए 1000 से अधिक अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से पंजीकरण कराया था, जिनमें से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी साक्षात्कार प्रक्रिया में शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान सदर विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य, जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने युवाओं को मेहनत, लगन और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। रोजगार मेले जैसे आयोजन युवाओं को सीधे कंपनियों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने भी चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करते हैं और उन्हें अपने कौशल के अनुरूप कार्य करने का अवसर मिलता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित