चंडीगढ़ , फरवरी 12 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरूवार को "प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन" (पीपीआईएस) 2026 का आधिकारिक लोगो जारी किया।

'पंजाब मीन्ज बिजनेस - पॉलिसी टू प्रैक्टिस' थीम पर केंद्रित यह सम्मेलन 13-15 मार्च 2026 को प्लाक्षा यूनिवर्सिटी, आईटी सिटी, मोहाली में आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर उद्योग और वाणिज्य मंत्री संजीव अरोड़ा, पंजाब के मुख्य सचिव, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और इन्वेस्ट पंजाब के प्रतिनिधि शामिल थे । नया लॉन्च किया गया लोगो पंजाब की आर्थिक शक्ति, तकनीकी प्रगति, स्थिरता और विकास की गति को दर्शाता है। इस डिजाइन में औद्योगिक विस्तार, डिजिटल प्रशासनिक सुधार, समग्र विकास और लचीलापन शामिल है, जो पंजाब के एक प्रगतिशील, सुधार-प्रेरित और निवेश-अनुकूल माहौल को प्रदर्शित करता है।

उद्योग और वाणिज्य मंत्री संजीव अरोड़ा ने मुख्यमंत्री को सम्मेलन की तैयारियों की प्रगति के बारे में अवगत करवाया, जिसमें आउटरीच गतिविधियां, बुनियादी ढांचे संबंधी तैयारियां, भागीदार देशों के साथ समन्वय और विभागीय तैयारियां शामिल हैं। इस तीन दिवसीय आयोजन के निर्विघ्न संचालन को सुनिश्चित करने के लिए स्थान और प्रमुख लॉजिस्टिकल तैयारियों की व्यापक समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा, "यह सम्मेलन साझेदारी, सह-निर्माण और कार्यान्वयन के लिए एक मंच के रूप में काम करेगा और यह सुनिश्चित करेगा कि नीतियां उद्योगों से परामर्श करके बनाई जाएं और निर्धारित समय-सीमाओं पर डिजिटल जवाबदेही प्रक्रियाओं के माध्यम से लागू की जाएं।" उन्होंने कहा कि राज्य को लगभग 1.5 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और पांच लाख से अधिक व्यक्तियों के लिए रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं, जो पंजाब की नीतियों में विश्वसनीयता और मजबूत कार्यान्वयन क्षमता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित