नयी दिल्ली , फरवरी 26 -- देश के प्रमुख समाजशास्त्री प्रोफेसर टी के उम्मन (88) का गुरूवार को हरियाणा के गुरुग्राम में अपने आवास पर निधन हो गया।

केरल के अलाप्पुझा में जन्मे श्री उम्मन जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में लंबे समय तक प्राध्यापक रहे। उनके शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान को देखते हुए उन्हें 2008 में पद्म भूषण से सम्मानित किया था। वह इंटरनेशनल सोशियोलॉजिकल एसोसिएशन के साथ-साथ इंडियन सोशियोलॉजिकल सोसाइटी के अध्यक्ष भी रहे।

उन्होंने 1965 में पूना विश्वविद्यालय से पीएच.डी की और फिर दिल्ली स्कूल ऑफ सोशल वर्क, दिल्ली विश्वविद्यालय में 1964-71 के बीच अध्यापन किया। जेएनयू में उनका कार्यकाल 1971 -2002 का था। वह जेएनयू में प्रोफेसर एमिरेटस भी रहे। वह भारत के मुस्लिम समुदाय की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक स्थिति का अध्ययन करने वाली प्रधानमंत्री की उच्च स्तरीय समिति के सदस्य रहे थे। उन्होंने 'गैर-पारंपरिक सुरक्षा' पर फोर्ड फाउंडेशन चेयर का पदभार संभाला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित