पौड़ी , दिसंबर 04 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के चवथ पट्टी, इडवालस्यूं-03 में गुरुवार सुबह गुलदार ने एक व्यक्ति पर हमला कर उसे मार दिया। इस घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ समय से गुलदार की गतिविधियां बढ़ रही हैं लेकिन अचानक हुए हमले ने पूरा गांव सकते में है। गुलदार ने जिस व्यक्ति पर हमला किया उसकी पहचान राजेन्द्र (42) के रूप में हुयी है। हमले के बाद राजेन्द्र की मौत हो गयी।
वनविभाग अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन मंत्री सुबोध उनियाल ने मामले को गंभीर मानते हुए विभागीय अधिकारियों से तत्काल बातचीत की और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके बाद मुख्य वन संरक्षक, मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक उत्तराखंड, देहरादून की ओर से आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार गुलदार को पकड़ने, बेहाश करने और अत्यंत आवश्यक परिस्थिति में अंतिम विकल्प के रूप में उसे मारने की अनुमति दी गई है।
वन विभाग को 15 दिनों की विशेष अनुमति दी गई है। इस दौरान कैमरा ट्रैप, ड्रोन मॉनिटरिंग, पिंजरे लगाने और फील्ड गश्त जैसे उपायों से गुलदार की लोकेशन का पता लगाने और उसे सुरक्षित रूप से पकड़ने का प्रयास किया जाएगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि प्राथमिक उद्देश्य गुलदार को जीवित पकड़ना है, लेकिन मानव जीवन के खतरे को देखते हुए अधिकृत कर्मचारी ही अंतिम कार्रवाई कर सकेंगे।
विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने और विशेषकर महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की है। वहीं, मृतक के परिजनों को सरकारी प्रावधानों के अनुसार सहायता की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर तैनात है और इलाके में गहन निगरानी के साथ गुलदार को पकड़ने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। ग्रामीणों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी समाधान की मांग भी उठाई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित