पौड़ी , अप्रैल 29 -- उत्तराखंड के पौड़ी गड़वाल जनपद में कल्जीखाल विकासखंड सभागार में बुधवार को ब्लॉक प्रमुख गीता देवी की अध्यक्षता में आयोजित बीडीसी बैठक हुई, जिसमें क्षेत्रीय समस्याओं और विकास कार्यों पर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं उठाते हुए 15 महत्वपूर्ण प्रस्ताव अधिकारियों के समक्ष रखे।
मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने जनप्रतिनिधियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण 15 दिन के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से आमजन तक पहुंचे।
सीडीओ ने अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने, कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और प्रगति की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में पेयजल समस्या को प्रमुखता से उठाया गया, जिस पर सीडीओ ने जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी शिकायतों की जांच कर क्षेत्र में नियमित और सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गर्मी के मौसम में पेयजल व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि समस्याओं के समाधान के बाद विस्तृत आख्या प्रस्तुत करें ताकि कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
ब्लॉक प्रमुख गीता देवी ने कहा कि बीडीसी बैठक जनप्रतिनिधियों और विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि बैठक में उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध समाधान कर आमजन को राहत पहुंचाई जाए और क्षेत्र के समग्र विकास को गति दी जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित