श्रीगंगानगर , दिसम्बर 30 -- राजस्थान में चुरू जिले के भानीपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने पोस्त की तस्करी में लिप्त दो व्यक्तियों को गिरफ्तार करके 55 किलोग्राम से अधिक डोडा पोस्त बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में पंजाब का एक सरपंच भी शामिल है। डोडा पोस्त की बाजार कीमत करीब आठ लाख 25 हजार रुपये आंकी गयी है।

चुरू के पुलिस अधीक्षक जय यादव ने मंगलवार को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं। इसी आधार पर गांव बादडिया की ओर जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी की गयी। पुलिस दल ने भानीपुरा की ओर से आ रही एक कार को रोका। कार की तलाशी प्लास्टिक के चार कट्टों में कुल 55 किलो 170 ग्राम डोडा पोस्त छिलका बरामद हुआ।

उन्होंने बताया कि कार में सवार दो व्यक्तियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाशदीपसिंह रायसिख (26), निवासी कंदेशाह, थाना लक्खूके बहारान, जिला फिरोजपुर, पंजाब के रूप में हुई है, जो वर्तमान में ग्राम पंचायत पंजासिंहवाला का सरपंच है। दूसरे आरोपी का नाम परमजीतसिंह राय सिख (26) निवासी म्यानी बस्ती, थाना सदर फाजिल्का, पंजाब है।

उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित