नयी दिल्ली , जनवरी 16 -- खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) के अध्यक्ष मनोज कुमार ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश की प्रसिद्ध पोंडुरु खादी को भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग मिलने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है। श्री कुमार ने कहा कि पोंडुरु खादी को जीआई टैग केवीआईसी के पक्ष में मिलना यह एक उपलब्धि है और खादी क्षेत्र के गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि पोंडुरु खादी को अब राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय पहचान भी मिलेगी।

श्री कुमार ने कहा कि जीआई टैग मिलने से पोंडुरु खादी की विशिष्ट पहचान और शुद्धता को कानूनी संरक्षण मिलेगा। इससे नकली उत्पादों पर रोक लगेगी और उपभोक्ताओं को असली एवं उच्च गुणवत्ता वाली खादी प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि इससे पारंपरिक कला को पीढ़ियों से संजोकर रखने वाले कारीगरों को उनके श्रम का उचित मूल्य मिलेगा।

श्री कुमार ने स्पष्ट किया कि यह सफलता प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और 'वोकल फॉर लोकल' तथा 'आत्मनिर्भर भारत' जैसे अभियानों का प्रत्यक्ष परिणाम है, जिनसे पारंपरिक कारीगरों को नई ऊर्जा और सम्मान मिला है।

श्री कुमार ने घोषणा की कि पोंडुरु खादी से जुड़े खादी संस्थानों और कारीगरों को शीघ्र ही सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कताई और बुनाई कारीगरों को सम्मान दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित