पटना , मार्च 15 -- बिहार सहकारिता विभाग की ओर से राज्य में सहकारी संस्थाओं को सुदृढ़ एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स) एवं किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के प्रतिनिधियों के लिए तीन दिवसीय क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 16 मार्च से18 मार्च तक दीप नारायण सिंह क्षेत्रीय सहकारिता प्रबंधन संस्थान,पटना में आयोजित किया जा रहा है।प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन 16 मार्च को सहकारिता विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार करेंगे।इस अवसर पर सहकारिता विभाग के सचिव, निबंधक सहयोग समितियां सहित सहकारिता क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ, प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न जिलों से आए पैक्स एवं एफपीओ के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहेंगे।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पैक्स एवं एफपीओ को पारंपरिक गतिविधियों के साथ-साथ विविधीकृत व्यवसाय अवसरों की पहचान एवं विकास के लिए सक्षम बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को निजी खरीदारों एवं उत्पादक-विक्रेताओं के बीच बेहतर संपर्क व्यवस्था स्थापित करने, ई-नाम,ओएनडीसी एवं जीईएम जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से बाजार अभिगम को सुदृढ़ बनाने तथा व्यावहारिक व्यवसाय योजना तैयार करने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की जाएंगी।इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता, विभिन्न सरकारी योजनाओं से संस्थागत जुड़ाव तथा सहकारी संस्थाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए आवश्यक प्रबंधन एवं संचालन संबंधी पहलुओं पर भी विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।इस पहल से राज्य में पैक्स एवं एफपीओ की कार्यक्षमता में वृद्धि होने के साथ-साथ किसानों को बेहतर विपणन अवसर उपलब्ध कराने और सहकारी संस्थाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में बहुत मदद मिल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित