ईटानगर , अप्रैल 16 -- अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने गुरुवार को यहां डेरा नातुंग सरकारी कॉलेज (डीएनजीसी) में तीन प्रमुख बुनियादी ढांचा सुविधाओं का उद्घाटन किया जिनमें नया प्रशासनिक ब्लॉक, बैडमिंटन-कम- जूडो हॉल और मनोरंजन हॉल शामिल हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नयी सुविधाओं का उद्घाटन राज्य में उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा पर सरकार के विशेष ध्यान को रेखांकित करते हुए कहा कि संस्थानों में बुनियादी ढांचे की कमियों को दूर करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कॉलेज में शुरू हुए नए पाठ्यक्रमों के लिए अतिरिक्त कक्षाओं जैसी अन्य जरूरतों को भी सरकार जल्द पूरा करेगी।

पूर्व शिक्षा मंत्री एवं निशि समुदाय के सम्मानित नेता स्वर्गीय डेरा नातुंग को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए श्री खांडू ने कहा कि यह संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने के उनके दृष्टिकोण को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कॉलेज की प्रगति की सराहना करते हुए बताया कि वर्तमान में यहाँ 14 विभागों के माध्यम से कला, विज्ञान और वाणिज्य संकायों में 4,600 से अधिक छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने खेलों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि नए खेल और मनोरंजन केंद्र छात्रों के समग्र विकास में मदद करेंगे। उन्होंने छात्रों को छात्रवृत्ति योजना की जानकारी देते हुए बताया कि दुनिया के शीर्ष 150 विश्वविद्यालयों में प्रवेश पाने वाले राज्य के छात्रों को सरकार पूर्ण वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित