ठाणे , मई 5 -- बदलापुर के आप्टेवाड़ी इलाके से एक 15 वर्षीय किशोर के साथ मामूली बात पर मारपीट की एक भयानक घटना सामने आई है।

किशोर के साथ कथित मारपीट की यह घटना स्वानंद तरंग हाउसिंग सोसाइटी में तब हुई, जब दोपहर के समय सोसायटी के बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे।

बताया जा रहा है कि खेल के दौरान गेंद पास के एक बंगले में चली गई। पीड़ित किशोर गेंद वापस लाने के लिए अंदर गया और वहां बंगले के परिसर में लगे एक पेड़ पर आम देखे। उसने लौटने से पहले कथित तौर पर कुछ आम तोड़ लिये।

किशोर की मां के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने पर बंगले के मालिक राजा जामदारे और उसकी पत्नी रात में उनकी सोसायटी के परिसर में आये। किशोर तब खेल रहा था। पति-पत्नी ने उससे आम तोड़ने की बात पूछी और कथित रूप से उसकी पिटाई कर दी।

आरोपी दंपत्ति ने नाबालिग को पीटना जारी रखा और उसे घसीटते हुए उसके घर ले गये, जहां उन्होंने उसके माता-पिता के सामने ही उसे लात-घूंसों से पीटा। किशोर की मां ने आरोप लगाया कि दंपत्ति ने परिवार को धमकी दी कि यदि लड़के ने दोबारा आम तोड़े, तो वे उसे निर्वस्त्र कर पीटेंगे। उन्होंने इलाके में अपने प्रभाव का दावा करते हुये यह भी कहा कि वे "स्थानीय ग्रामीण" हैं।

सोसायटी के परिसर में हुई मारपीट की घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। किशोर के माता-पिता ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई, जिसके आधार पर बदलापुर पूर्व पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, इस मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पीड़ित के परिवार ने जामदारे दंपत्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि आम तोड़ने जैसी बात पर एक नाबालिग के साथ ऐसा अमानवीय व्यवहार स्वीकार्य नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित