चमोली( वार्ता) पेड़ों को कटने से बचाने के लिए उत्तराखण्ड के चमोली जिले से आरम्भ चिपको आंदोलन की 52 वर्षगांठ के अवसर पर ज्योर्तिमठ में गुरुवार को पर्यावरण संरक्षण और चिपको आंदोलन की प्रेरक और अग्रदूत गौरा देवी को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। दो दिवसीय चिपको महोत्सव के प्रथम दिन के गुरुवार को समाज में विशेष योगदान देने वाले प्रेरक व्यक्तित्वों को राज्य स्तरीय गौरा देवी सम्मान पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पूर्व गढ़वाल अपर आयुक्त दिवंगत हरक सिंह रावत को पर्यावरण के क्षेत्र में उनके द्वारा शुरू किये गये पर्यावरण मित्र योजना में उत्कृष्ट कार्य हेतु चिपको आंदोलन की प्रणेता गौरा देवी सम्मान दिया गया। यह पुरस्कार श्री रावत की धर्मपत्नी भागीरथी देवी ने सम्मान प्राप्त किया। राज्य स्तरीय गौरा देवी पुरस्कार लाता के दिवंगत धन सिंह राणा, सलूड के डाक्टर कुशल सिंह भंडारी, भ्यू़डार के प्रताप सिंह चौहान, सुनील के प्रदीप पंवार, बडा़ गाँव के शार्दुल थपलियाल को भी दिया गया। बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने सम्मान पत्र और मैमेंटो देकर पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया ।
इस अवसर पर महिला मंगल दलों एवं छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर गौरा देवी को याद किया।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने कहा कि 26 मार्च 1974 को रैणी गांव में गौरा देवी के नेतृत्व में महिलाओं ने पेड़ों को कटने से बचाने के लिए ऐतिहासिक आंदोलन किया था, जो आज विश्व स्तर पर पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बन चुका है।
रवि ग्राम खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रमों में पर्यावरण संरक्षण विषय पर गोष्ठी, वृक्षारोपण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं छात्र-छात्राओं की भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। साथ ही, स्थानीय लोगों ने प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि शंकर सिंह रावत ने कहा कि चिपको आंदोलन केवल पेड़ों को बचाने का संघर्ष नहीं था, बल्कि यह प्रकृति और मानव के बीच संतुलन बनाए रखने का संदेश भी देता है। उन्होंने नई पीढ़ी से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित