भोपाल , मार्च 27 -- मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती के केंद्र सरकार के निर्णय को ऐतिहासिक बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की है।

श्री खण्डेलवाल ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच यह निर्णय प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता और संवेदनशील नेतृत्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क में कमी कर इसे 13 रुपये से घटाकर 3 रुपये प्रति लीटर तथा डीजल पर 10 रुपये से घटाकर शून्य रुपये प्रति लीटर करना आम जनता को राहत देने वाला कदम है।

उन्होंने कहा कि तेल की कीमतों में संभावित वृद्धि के बीच लिया गया यह निर्णय न केवल सरकार की सजगता दर्शाता है, बल्कि यह भी स्पष्ट करता है कि केंद्र सरकार हमेशा जनता के हितों की रक्षा के लिए तत्पर रहती है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस निर्णय से आम लोगों को राहत मिलने के साथ ही परिवहन और अन्य क्षेत्रों को भी लाभ होगा, जिससे महंगाई पर नियंत्रण में मदद मिलेगी और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हर संकट के समय प्रभावी नेतृत्व का परिचय दिया है और देश को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित