पटना , जनवरी 31 -- विज्ञान, प्राविधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की ओर से आयोजित पूल प्लेसमेंट ड्राइव में मारुति सुजुकी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने राज्य के विभिन्न राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों के 34 छात्र- छात्राओं का जूनियर इंजीनियर (ट्रेनी) पद पर चयन किया है।
चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की ओर से प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये का वार्षिक पैकेज दिया जायेगा।
चयनित छात्रों में मैकेनिकल शाखा के 24, फायर एंड सेफ्टी के पांच और ऑटोमोबाइल शाखा के पांच विद्यार्थी शामिल हैं। ये छात्र छपरा, बांका, बरौनी (बेगूसराय), मुंगेर, पटना, कटिहार, नालंदा, कैमूर, जमुई, सहरसा, सीतामढ़ी, गया जी और गोपालगंज जिलों के राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों से हैं।
विभाग ने बताया कि हाल ही में टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिकल मोबिलिटी लिमिटेड के पूल प्लेसमेंट ड्राइव में भी पॉलिटेक्निक छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था, जिसमें कंपनी ने कुल 1,238 छात्रों का अंतिम रूप से चयन किया है।
उल्लेखनीय है कि विज्ञान, प्राविधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग तकनीकी शिक्षा को उद्योगों की आवश्यकताओं से जोड़ने के लिये निरंतर प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में प्रमंडल स्तरीय इंडस्ट्री-इंस्टीट्यूट मीट का आयोजन किया गया, जिससे सरकारी इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थानों और उद्योग जगत के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ। विभाग के नियमित समन्वय, प्लेसमेंट आधारित गतिविधियों और कौशल- उन्मुख पहलों का ही परिणाम है कि मारुति सुजुकी और टाटा जैसे प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों में राज्य के तकनीकी छात्रों को लगातार रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित