कालाढुंगी , फरवरी 28 -- उत्तराखंड में नैनीताल जिले के कालाढूंगी निवासी पूर्व सैनिक गंगा सिंह सामंत को शनिवार को करणी सेना का उत्तराखण्ड प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया। उनकी नियुक्ति के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उनके आवास पर पहुंचे और उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

यह नियुक्ति करणी सेना के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष सूरज पाल अम्मू ने की। संगठन की ओर से जारी पत्र में श्री सामंत को उत्तराखण्ड में संगठन को सशक्त करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री सामंत ने कहा कि वह संगठन के सिद्धांतों और उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण भाव से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें दी गई है, उसका वह पूरी ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे और प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

गौरतलब है कि श्री सामंत पूर्व में क्षेत्र पंचायत संगठन के जिलाध्यक्ष (नैनीताल) रह चुके हैं और लंबे समय से सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। उनकी नियुक्ति को क्षेत्र में सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सकारात्मक कदम बताया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित