चंडीगढ़ , जनवरी 16 -- पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले, शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के पूर्व ओएसडी रहे चरणजीत बराड़, पूर्व सांसद जगमीत बराड़ एवं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के पूर्व विशेष कार्याधिकारी प्रो. ओंकार सिंह शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये। इसके अलावा कोटकपूरा से विधायक रहे जगमीत बराड़ के भाई रिपजीत सिंह बराड़ ने भी भाजपा जॉइन किया। जगमीत बराड़ 2022 में अकाली दल से मौड़ मंडी विधानसभा से चुनाव लड़ चुके हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय में पार्टी की सदस्यता दिलायी।
गौरतलब है कि चरणजीत बराड़ ने पहले शिरोमणि अकाली दल छोड़कर श्री अकाल तख्त के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह की अगुवाई में बनी शिरोमणि अकाली दल का दामन थामा था। हालांकि, दो दिन पहले ही उन्होंने उस दल को भी छोड़ दिया था, जिसके बाद अब उन्होंने भाजपा का रुख किया है। श्री सैनी ने कहा कि भाजपा में शामिल हुए नेताओं ने पंजाब की भलाई के लिए अहम कदम उठाये हैं। उन्होंने कहा, " पंजाब के लोग आज जिस भय के माहौल से गुजर रहे हैं, वैसा ही माहौल 2014 से पहले देश में था। उस भय से मुक्ति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिलायी और अब पंजाब को भी उसी दिशा में ले जाया जाएगा। " उन्होंने आरोप लगाया कि आज पंजाब में उद्योगपतियों से लेकर आम लोगों तक में भय का माहौल है। वह पंजाब के लोगों के बीच जाते हैं, तो भाजपा को लोग उम्मीद की किरण के रूप में देखते हैं।
भाजपा नेताओं ने कहा कि पंजाब ने पहले कांग्रेस सरकार और अब आम आदमी पार्टी की सरकार भी देख ली है, लेकिन दोनों ही सरकारें लोगों की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकींइस अवसर पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि भाजपा परिवार का विस्तार हुआ है और सर्वश्री चरणजीत बराड़ और जगमीत बराड़ किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। श्री जाखड़ ने कहा, " आज पंजाब में जनमानस चिंतित है। प्रदेश में कोई भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा। लोग भाजपा की ओर उम्मीद की नजर से देख रहे हैं। पंजाब आज बिना सरकार के चल रहा है और भाजपा ही एकमात्र विकल्प है ?"इस बीच, भाजपा ने पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा एलान किया है। पार्टी आज मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास का घेराव करेगी। लंबे समय बाद यह मौका होगा, जब भाजपा का पूरा वरिष्ठ नेतृत्व सड़कों पर उतरकर प्रदेश सरकार को खुली चुनौती देगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित