पटना , फरवरी 04 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता एवं गोपालगंज के पूर्व विधायक रियाजुल हक उर्फ राजू अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ जनता दल यूनाइटेड(जदयू) में शामिल हो गये हैं।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में श्री हक और उनके साथियों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई और उनका स्वागत तथा अभिनंदन किया।
इस अवसर पर श्री कुशवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करिश्माई नेतृत्व एवं जनकल्याण के प्रति उनकी ईमानदार सोच का ही परिणाम है कि जदयू परिवार का निरंतर विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि श्री हक एक मजबूत राजनीतिक जनाधार वाले, कर्मठ नेता हैं। उनका जदयू परिवार में शामिल होने से पार्टी और अधिक सशक्त होगी। उन्होंने यह भी कहा कि अल्पसंख्यक समुदायों के सच्चे हितैषी मुख्यमंत्री श्री नीतीश हैं। विपक्षी दलों ने अब तक अल्पसंख्यक समाज को केवल भ्रमित करने का कार्य किया है, जबकि नीतीश सरकार ने उनके उत्थान एवं कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक एवं ठोस कदम उठाए हैं।
श्री हक के साथ आज जदयू की सदस्यता ग्रहण करने वालों में प्रमुख रूप से हरेन्द्र चौधरी, गोपालगंज नगर परिषद के सभापति मोहम्मद कासिम, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती रुकसाना परवीन, गोपालगंज नगर परिषद के उपसभापति मंसूर अंसारी, रहमत अली, पूर्व मुखिया योगेंद्र यादव सहित अनेक पंचायत प्रतिनिधि एवं प्रमुख नेतागण शामिल थे।
इस मिलन समारोह में बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्यसचतेक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, विधायक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय, विधानपार्षद खालिद अनवर, मुख्यालय प्रभारी अनिल कुमार एवं वासुदेव कुशवाहा सहित अनेक नेतागण उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित