देवरिया, फरवरी 12 -- समाजवादी पार्टी(सपा) की वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद कनक लता सिंह ने उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के बरहज में सरयू नदी पर बन रहे मोहन सेतु बनाने में गति देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया है।

श्रीमती सिंह गुरूवार को यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बरहज सरयू नदी पर बन रहे मोहन सेतु के पूर्ण होने का मार्ग प्रशस्त होता दिख रहा है। उन्होंने कहा कि बरहज के गौरा निवासी सर्वश्रेष्ठ सांसद सम्मान से विभूषित मोहन सिंह के निधन के समय मुलायम सिंह यादव अंतिम दर्शन और कंधा देने बरहज आए थे।अंतिम संस्कार के समय घाट पर आग देने वाले डोम राजा द्वारा नदी पर पक्का पुल बनवाने की मांग की मुलायम सिंह यादव से की थी। जिस पर उन्होंने पुल निर्माण के लिये आश्वासन दिया था।

उन्होंने बताया कि इस सेतु कार्य प्रारंभ भी हो गया लेकिन वर्षों कार्य चलने के बावजूद अभी तक पुल पूर्ण नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर मोहन सेतु को शीघ्र पूर्ण करा कर आम जन मानस के लिए सुलभ यात्रा प्रारंभ कराने की मांग की थी, जिस पर मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 में इस पुल को आवागमन के लिये सुलभ करा दिए जाने का आश्वासन दिया और कार्य को गति देने हेतु आवश्यक निर्देश भी सम्बद्ध महकमे को दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित