पटना , मार्च 09 -- बिहार के पटना साहिब के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने देश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और सुरक्षा विशेषज्ञ विश्व रंजन के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
श्री प्रसाद ने आज बयान जारी कर कहा कि श्री विश्व रंजन पटना के एक अत्यंत सम्मानित और सम्भ्रांत परिवार से आते थे। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पटना में प्राप्त की तथा पटना विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा हासिल की। बाद में वे भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के लिए चयनित हुए और मध्य प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ में कई महत्वपूर्ण और वरिष्ठ पदों पर कार्य किया। वे लंबे समय तक छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) रहे।छत्तीसगढ़ में सेवा के दौरान उन्होंने माओवादी और नक्सलवादी गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई और उनके समाधान में अत्यंत प्रभावी भूमिका निभाई।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि दिवंगत विश्व रंजन ने लंबे समय तक देश की प्रमुख सुरक्षा संस्था इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) में अपर निदेशक के पद पर भी कार्य किया और देश की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद वे पटना में ही निवास कर रहे थे और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे। उनका निधन अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि वह ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित