रायपुर , मार्च 16 -- फ्लोरामैक्स कंपनी के नाम पर महिलाओं से कथित ठगी के मामले में छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर की शिकायत के बाद राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने मामले में प्रदेश के मुख्य सचिव को 17 मार्च को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जवाब देने के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, कंवर ने शिकायत कर आरोप लगाया था कि फ्लोरामैक्स कंपनी के नाम का इस्तेमाल कर प्रदेश में 40 हजार से अधिक महिलाओं से अरबों रुपये की ठगी की गई है। यह महिलाएं केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से भी जुड़ी बताई जा रही हैं।

शिकायत के बाद आयोग ने मामले की जानकारी राज्य सरकार और जिला प्रशासन से मांगी थी। इस दौरान कोरबा के तत्कालीन कलेक्टर अजीत बसंत द्वारा शासन और आयोग को गलत जानकारी भेजे जाने की बात सामने आई, जिस पर आयोग ने कड़ा रुख अपनाया।

बताया गया कि 16 अक्टूबर 2025 को हुई सिटिंग में आयोग ने मुख्य सचिव को पीड़ित महिलाओं की शिकायतों पर कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। हालांकि 30 दिन की निर्धारित अवधि बीत जाने के बाद भी आयोग को कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।

इस पर आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मुख्य सचिव को 17 मार्च को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर पूरे मामले में स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश जारी किए हैं।

इधर, ननकी राम कंवर ने कहा कि हजारों महिलाओं से हुई इस ठगी की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो से कराने की भी मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित