कोझिकोड , मार्च 03 -- पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केपी उन्नीकृष्णन का मंगलवार सुबह कोझिकोड में निधन हो गया। वह 90 साल के थे।

श्री उन्नीकृष्णन कुछ समय से उम्र से जुड़ी बीमारियों के लिए कोझिकोड के एक अस्पताल में इलाज करा रहे थे। उन्होंने वीपी सिंह कैबिनेट में बतौर संचार, जहाजरानी और भूतल परिवहन मंत्री काम किया था।

श्री उन्नीकृष्णन ने 1971 से 1996 तक वटकारा लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया। वह इस दौरान तीन राजनीतिक पार्टियों से जुड़े रहे। वह 1971 और 1977 में कांग्रेस के टिकट पर वटकारा से लोकसभा के लिए चुने गए थे। श्री उन्नीकृष्णन ने बाद में 1980, 1984, 1989 और 1991 में कांग्रेस (यू) और कांग्रेस (एस) के उम्मीदवार के तौर पर लोकसभा चुनाव जीता था।

वह 1995 में कांग्रेस में वापस आ गए और 1996 के लोकसभा चुनाव में वटकारा से चुनाव लड़ा लेकिन मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) उम्मीदवार ओ भारतन से हार गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित