पटना , नवंबर 15 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्व केंद्रीय मंत्री आर.के.सिंह को अनुशासनहीनता के आरोप में पार्टी से निलंबित कर दिया है और उन्हें निष्कासित करने की कार्यवाही शुरू की है।
भाजपा की बिहार प्रदेश इकाई ने आरा संसदीय क्षेत्र से दो बार विजयी रहे श्री सिंह को शनिवार को पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के आरोप में निलंबित कर दिया । इसके साथ ही उनसे पूछा गया है कि क्यों न उनकी सदस्यता समाप्त कर दी जाए?उन्हें अपनी स्थिति स्पष्ट करने के लिए सात दिन में नोटिस का जवाब देने को कहा गया है।
बिहार भाजपा मुख्यालय प्रभारी अरविंद शर्मा के हस्ताक्षर से जारी इस पत्र को मीडिया के लिए भी जारी किया गया है। इसमें कहा गया है, 'आप की गतिविधियां पार्टी विरोधी हैं और अनुशासनहीनता की परिधि में आती हैं। पार्टी को इससे नुकसान हुआ है जिसे पार्टी ने गंभीरता से लिया है।"पत्र में श्री सिंह को पार्टी से निलंबित किये जाने की सूचना भी दी गयी है।
भारतीय प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत्ति के बाद राजनीति में आये श्री सिंह आरा लोक सभा सीट से भाजपा के टिकट पर पहले 2014 और दूसरी बार 2019 में विजयी रहे। वह एक दशक तक केंद्र में मंत्री रहे और बिजली मंत्रालय जैसा महत्वपूर्ण विभाग संभाला।
उन्होंने हाल में विधान सभा चुनाव के दौरान भाजपा के नेता और बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और पार्टी के तथा राजग के अन्य नेताओं के खिलाफ गंभीर आरोप लगाये थे।
श्री सिंह ने बिहार के भागलपुर जिले में अडानी पावर के 2400 मेगावाट क्षमता के ताप बिजली घर की बिजली मंहगी दर पर खरीदने का समझौता किये जाने का आरोप लगाया है। अडानी पावर ने यह परियोजना खुली प्रतिस्पर्धा में बोली लगा कर हासिल की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित