शिलांग , फरवरी 01 -- एयर मार्शल इंद्रपाल सिंह वालिया ने रविवार को पूर्वी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में कार्यभार संभाल लिया है।
एयर मार्शल वालिया ने एयर मार्शल सूरत सिंह का स्थान लिया है, जो 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हुए। एयर मार्शल वालिया 11 जून, 1988 को वायु सेना में शामिल हुए और वह मिग-21, मिग-23, मिग-27, जगुआर और सुखोई-30 एमकेआई के सभी संस्करणों के एक योग्य लड़ाकू पायलट हैं। उनके पास 3200 घंटे से अधिक की दुर्घटना/घटना मुक्त उड़ान का अनुभव है।
एयर मार्शल ने तीन दशकों से अधिक के करियर में विभिन्न कमानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है। उन्होंने एक मिग-27 स्क्वाड्रन, 'टैक्टिक्स एंड एयर कॉम्बैट डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट' (टीएसीडीई) की कमान संभाली है और वह एक फ्रंटलाइन बेस के एयर ऑफिसर कमांडिंग भी रहे हैं। वह एक 'फाइटर स्ट्राइक लीडर' और 'इंस्ट्रूमेंट रेटिंग इंस्ट्रक्टर एवं परीक्षक' हैं।
एयर मार्शल वालिया ने वायु सेना मुख्यालय और कमान मुख्यालयों में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उन्होंने यूनाइटेड किंगडम (यूके) में 'एडवांस कमांड एंड स्टाफ कोर्स' और बांग्लादेश में 'नेशनल डिफेंस कॉलेज' का प्रशिक्षण प्राप्त किया है। साथ ही, उन्होंने जापान और दक्षिण कोरिया के दूतावासों में रक्षा दूत के रूप में भी सेवा दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित