नयी दिल्ली , मई 11 -- बंधन लाइफ इंश्योरेंस की महिला पॉलिसीधारकों का अनुपात पूर्वी भारत में दो साल में तीन गुना होकर 35 प्रतिशत पर पहुंच गया है।

बंधन लाइफ ने सोमवार को बताया कि पूर्वी भारत में उसकी महिला पॉलिसीधारकों की भागीदारी वित्त वर्ष 2023-24 में 12 प्रतिशत थी, जो वित्त वर्ष 2025-26 में 35 प्रतिशत हो गई है। कंपनी के आंतरिक आंकड़ों से पता चलता है कि पूर्वी भारत उसके लिए एक प्रमुख बाजार बना हुआ है, जिसमें पश्चिम बंगाल सबसे आगे है। इस क्षेत्र में कुल महिला पॉलिसीधारकों में से 42.84 प्रतिशत पश्चिम बंगाल से हैं। इसके बाद बिहार (21.46 प्रतिशत), ओडिशा (10.67 प्रतिशत), झारखंड (9.31 प्रतिशत) और असम (8.54 प्रतिशत) का स्थान आता है।

बंधन लाइफ के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीशेश्वर बी. ने कहा कि महिलाएं न केवल देखभाल करने वाली होती हैं, बल्कि अपने परिवारों का वित्तीय आधार भी होती हैं। जब अपने बच्चों के भविष्य की सुरक्षा करने और अपने प्रियजनों के लिए लंबी अवधि की वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात आती है, तो महिलाएं अक्सर सबसे आगे की सोच रखती हैं। अब अधिक से अधिक महिलाएं सक्रिय रूप से जीवन बीमा के महत्व को सुरक्षा, बचत और लंबी अवधि की वित्तीय योजना के लिए एक महत्वपूर्ण साधन के रूप में पहचान रही हैं।

बंधन लाइफ का कहना है कि ग्राहकों की बदलती प्रोफाइल अधिक परिपक्व और वित्तीय रूप से जागरूक वर्गों की ओर हो रहे बदलाव का संकेत देती है। पॉलिसी खरीदने में 46-55 और 56-65 आयु वर्ग की महिलाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जबकि 25-35 आयु वर्ग की युवा महिलाओं की हिस्सेदारी में गिरावट देखी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित