मोतिहारी, 11अप्रैल (वार्ता) बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में शनिवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से संदिग्ध हालत में दो शव बरामद किये गये हैं।
लखौरा थाना क्षेत्र से एक ई-रिक्शा चालक का शव मिला है, जबकि मधुबन थाना क्षेत्र से एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। दोनों मामलों में मौत के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
पुलिस के अनुसार, मधुबन थाना क्षेत्र में मधुबन-राजेपुर पथ के किनारे एक अज्ञात अधेड़ का शव मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उसकी पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।
वहीं, लखौरा थाना क्षेत्र के सरसौला सरेह स्थित चिलमनिया (सरिसवा सरेह) पोखर से एक ई-रिक्शा चालक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बसवरिया कॉलोनी निवासी युगल दास के रूप में हुई है। वह पिछले तीन दिनों से लापता था और परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे। शनिवार को स्थानीय लोगों ने पोखर में उसका शव तैरता देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और पहचान की पुष्टि की। घटनास्थल के पास से ही मृतक का ई-रिक्शा भी बरामद किया गया, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित