मोतिहारी , मार्च 09 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के गोविन्दगंज थाना क्षेत्र के झखरा गांव स्थित हनुमान मंदिर में बीती रात पुजारी के भेष में आये चोर ने भगवान का 450 ग्राम चांदी का मुकुट चुरा लिया।

घटना की जानकारी आज सुबह मिली, जब ग्रामीण पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे और मुकुट को गायब देखा।

ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना गोविन्दगंज थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। ग्रामीणों के अनुसार यह चोर पहले भी अरेराज स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में अष्टधातु एवं चांदी की मूर्तियों चुरा ले गया था। उस मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन जेल से छूटने के बाद उसने फिर से इस वारदात को अंजाम दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह चोर भेष बदल कर मंदिरों में प्रवेश करता है और वहां रखी कीमती वस्तुओं को चुरा लेता है। इस बार भी वह पुजारी के भेष में आया था और भगवान का मुकुट चुरा ले गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आसपास के इलाकों में छापेमारी भी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित