मोतिहारी , जनवरी 28 -- पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने पत्रकार भवन को तत्काल प्रभाव से खाली कराकर एक सप्ताह के भीतर 'प्रेस क्लब मोतिहारी' को सौंपने का आदेश दिया है।

उल्लेखनीय है कि भवन निर्माण के बाद अब तक वहां सरकारी कार्यालय संचालित हो रहे थे।

बुधवार को प्रेस क्लब मोतिहारी के शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था। मांग स्वीकार करते हुये जिलाधिकारी ने सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी को निर्देश दिया कि भवन में चल रहे सभी सरकारी कार्यालयों को निर्धारित अवधि में अन्यत्र स्थानांतरित किया जाये।

जिलाधिकारी श्री जोरवाल ने प्रेस क्लब अध्यक्ष को आईपीआरडी के एडमिन ग्रुप में शामिल करने की घोषणा की और वरिष्ठ पत्रकारों की एक समिति गठित कर सक्रिय पत्रकारों की पहचान पर सहमति बनी। साथ ही हर महीने कार्यशाला आयोजित कर नये पत्रकारों के प्रशिक्षण और 'एथिक्स ऑफ जर्नलिज्म' पर चर्चा करने का निर्णय लिया गया।

शिष्टमंडल में संजय कौशिक, राकेश कुमार, राजन दत्त द्विवेदी, ज्ञानेश्वर गौतम, अविनाश कुमार, नरेंद्र झा समेत कई पत्रकार शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित