मोतिहारी , मार्च 27 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिला के कोटवा थाना क्षेत्र में अपराधि(यों ने गुरुवार की रात एक स्कूल में रखे बच्चों के मध्याह्न भोजन मिड-डे मिल) के राशन की चोरी कर ली है।
यह घटना कोटवा थानाक्षेत्र के कदम चौक स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में गुरुवार की रात घटित हुई है। रात्रि में स्कूल के दरवाजे एक पिकअप वैन आकर रुकी और नकाबपोश अपराधियों ने सबसे पहले स्कूल के रात्रि प्रहरी (गार्ड) को अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने गार्ड को बंधक बनाकर एक अंधेरे कमरे में डाल दिया और उसका मोबाइल भी छीन लिया।
इसके बाद अपराधियों ने एक-एक कर बच्चों के मिड-डे मिल के लिए रखे करीब 20 क्विंटल चावल की बोरियां गाड़ी में लादनी शुरू कर दीं। इतना ही नहीं उन्होंने रसोईघर का ताला तोड़कर वहां रखे गैस सिलेंडर, बड़े बर्तन और अन्य छोटी-बड़ी सामग्री भी समेट ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित