मोतिहारी , मार्च 07 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिला में पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिलों का 'कायाकल्प' कर उन्हें वैध बनाकर बेचने वाले अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुये उसके पांच मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने गिरोह के पास से विभिन्न कंपनियों की 14 मोटरसाइकिलें, आठ जाली ऑनर स्मार्ट कार्ड, इंजन और चेचिस नंबर बदलने के उपकरण और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद किये हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि मधुबन थाना क्षेत्र के धबौलिया गांव में चोरी की गाड़ियों का अवैध कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर डीएसपी कुमार चंदन के नेतृत्व में गठित टीम ने मोतिहारी और शिवहर जिला के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में साहेब कुमार उर्फ विक्की राज, रोहित कुमार, दीपक कुमार, नीरज कुमार और सत्येंद्र महतो शामिल हैं।
इस संबंध में डीएसपी कुमार चंदन ने बताया कि गिरोह के सदस्य पहले विभिन्न जिलों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे, फिर किसी वैध बाइक के असली इंजन और चेचिस नंबर को चोरी की बाइक पर पंच कर देते थे। इसके साथ ही हूबहू असली जैसा ऑनर स्मार्ट कार्ड और हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट तैयार कर वाहन को बाजार में बेच दिया जाता था, जिससे आम लोग और पुलिस दोनों ही भ्रमित हो जाते थे। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित