मोतिहारी , जनवरी 16 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थानाक्षेत्र में छोटे भाई को अपने बड़े भाई की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को हरसिद्धि थानाक्षेत्र के सिगहां टोला में छोटे भाई बिंदा ठाकुर ने अपने ही सहोदर बड़े भाई बिंदेश्वरी ठाकुर की लोहे के सरिया (रड) से मारकर हत्या कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।
सूत्रों ने बताया कि तीन भाइयों में बिंदेश्वरी ठाकुर सबसे बड़ा था। बिंदेश्वरी को कोई पुत्र नहीं है। उसकी एक पुत्री है, जिसकी शादी हो चुकी है, लेकिन शादी के बाद वह माता-पिता के साथ मायके में ही सपरिवार रहा करती है। यह बात बिंदेश्वरी के दोनों छोटे भाइयों बिंदा और अशोक ठाकुर को पसंद नहीं थी।
इस मामले में मृत बिंदेश्वरी ठाकुर की पुत्री नीलम ने बताया कि उसके दोनों चाचा बार-बार उसके पिता के साथ अनावश्यक विवाद पैदा कर मारपीट करते थे और आज अंततः दोनों छोटे भाइयों ने मिलकर अपने ही सहोदर बड़े भाई की हत्या कर दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित