मोतिहारी , अप्रैल 28 -- बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में जनगणना-2027 के कार्य में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए निदेशालय स्तर से जारी निर्देशों के अनुपालन में चूक पाए जाने पर 30 पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा-11 के तहत एक-एक हजार रुपये का (शास्ति) जुर्माना किया गया है।

प्रधान सचिव-सह-राज्य नोडल पदाधिकारी जनगणना, पटना सी.के. अनिल की ओर से जारी आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई है।

जिला दंडाधिकारी-सह-प्रधान जनगणना अधिकारी, पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) के निर्देश पर कर्तव्यहीनता और कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में संबंधित 30 पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों पर एक-एक हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।

जिला सांख्यिकी पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी जनगणना कोषांग अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने इस आदेश के अनुपालन में चिन्हित कर्मियों पर जुर्माना अधिरोपित करने तथा इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित