मोतिहारी , जनवरी 31 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले से राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) पटना की क्षेत्रीय टीम ने 31 किलो चरस के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।
आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि डीआरआई की टीम को सूचना मिली थी कि नेपाल से पूर्वी चंपारण के रास्ते बिहार में चरस की एक बड़ी खेप लायी जाने वाली है। सूचना के बाद डीआरआई की टीम ने छपवा-तुरकौलिया पथ पर वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान एक मोटरसाईकि सवार को रोककर तलाशी ली गयी। तलाशी के दौरान मोटरसाईकिल पर लदी एक बोरी से चरस के 63 पैकेट बरामद किए गए।
सूत्रों ने बताया कि इसके बाद डीआरआई की टीम ने मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। बरामद चरस के पैकेटों का वजन 31 किलो है, जिसका अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य 78 लाख रुपए है। गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित