मोतिहारी , अप्रैल 08 -- बिहार पंचायती राज विभाग के मंत्री दीपक प्रकाश ने बुधवार को विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के दौरान मंत्री श्री प्रकाश ने मुख्यमंत्री सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत स्थापित सभी सोलर लाइटों को शत-प्रतिशत कार्यात्मक करने के सख्त निर्देश दिये । उन्होंने कहा कि आम जनता को इस योजना का पूरा लाभ मिलना चाहिए और खराब पड़ी लाइटों को अविलंब दुरुस्त किया जाए।

मंत्री ने पंचायत सरकार भवन के निर्माण कार्य की प्रगति पर भी नाराजगी जताते हुए सभी अधूरे कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिये,साथ ही त्रिस्तरीय पंचायत संस्थाओं जिला परिषद, पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत द्वारा संचालित योजनाओं को शीघ्र पूर्ण कर खर्च (व्यय) प्रतिशत बढ़ाने पर जोर दिया।

बैठक में मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना, मोक्षधाम निर्माण, उपयोगिता प्रमाण पत्र, आरटीपीएस,ई-ग्राम कचहरी, जिला परिषद की आय तथा जिला पंचायत संसाधन केंद्र में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने सभी योजनाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पंचायती राज विभाग के ओएसडी गोपाल शरण, सोलर स्ट्रीट लाइट से जुड़ी एजेंसियों के प्रतिनिधि तथा बिहार विकास मिशन के जिला समन्वय (आधारभूत संरचना) ओमप्रकाश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

समीक्षा बैठक के बाद मंत्री श्री प्रकाश ने जनप्रतिनिधियों के साथ 'संवाद कार्यक्रम' आयोजित कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित