मोतिहारी , अप्रैल 07 -- बिहार में पूर्वी चंपारण जिले में उर्वरक की कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए सीमावर्ती प्रखंड बनकटवा में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर अगरवा गांव में सूचना के आधार पर संयुक्त छापेमारी कर 91 बोरा यूरिया बरामद किया गया। यह कार्रवाई अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सिकरहना के नेतृत्व में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बनकटवा व छौड़ादानों), जितना थाना पुलिस तथा सशस्त्र सीमा बल अठमोहान की संयुक्त टीम द्वारा की गई। छापेमारी के दौरान मक्का के खेत में तस्करों द्वारा छिपाकर रखे गए यूरिया के बोरे बरामद किए गए। मामले में अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बरामद यूरिया को जितना थाना के सुपुर्द कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जिला कृषि पदाधिकारी मनीष कुमार सिंह ने कहा कि उर्वरक की कालाबाजारी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीमावर्ती प्रखंडों में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाएगा, जिससे कालाबाजारी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को सुगमता से उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए विभाग पूरी तरह सजग और गंभीर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित