लखनऊ , फरवरी 27 -- आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) पूर्वांचल में अपनी जमीन मजबूत करने में जुटी है। इसी क्रम में 15 मार्च को देवरिया चीनी मिल मैदान में पार्टी की तरफ से एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया है। इस जनसभा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी शामिल होंगे।

शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सदस्य विधान परिषद डॉ. रामाशीष राय ने कहा कि जनसभा की तैयारियों को लेकर संगठन पूरी तरह सक्रिय है तथा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता इसे ऐतिहासिक बनाने में जुटे हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि पूर्वांचल में पार्टी का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है। किसान मसीहा चौधरी चरण सिंह के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिये आजमगढ़, गाजीपुर और मऊ में भी शीघ्र ही रैलियां आयोजित की जाएंगी। संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 31 जुलाई तक बूथ स्तर तक संगठन को सुदृढ़ किया जाएगा तथा अगस्त-सितंबर में प्रत्येक जिले में सम्मेलन आयोजित कर एनडीए सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।

रामाशीष राय कहा कि पार्टी आगामी पंचायत एवं 2027 विधानसभा चुनावों में पूरी मजबूती से मैदान में उतरेगी। कौशल विकास मंत्रालय के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ने तथा गन्ना मूल्य में 30 रुपये की वृद्धि जैसे निर्णय किसानों और युवाओं के हित में ऐतिहासिक कदम हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित